Saturday, December 5, 2015

कुछ ही पलों का मिलन भले हो

कैसे आपको देख पायें हम, निशि-वासर हम स्वप्न निहारें।

मीठी वाणी हम सुन पायें, आप सजी हों, जब भी निहारें।

एक साध है, एक ही इच्छा, आलिंगन में आपको बांधें,

आप हमारी बाहों में हों, अपलक आपको नयन निहारें।


एक बार बस मिलें आप, हम, सब-कुछ ही पा जायेंगे।

भूखा रखोगीं, हम रह लेगें, कपोल आपके बस भायेंगे।

हर बात हम आपकी माने, बाँहों में  आप समायेंगे,

कुछ ही पलों का मिलन भले हो, आपके अन्दर खो जायेंगे।

Friday, December 4, 2015

आप सदैव ही आगे बढ़ना

सलाम! आपको इस प्रेमी का, स्वीकार करो या ठुकराओ।

हम आयेंगे मिलने एक बार फिर, दुत्कारो या गले लगाओ ।

हम अब भी इन्तजार ही करते, शायद अब भी आ जाओ,

आयेंगे आपके दर पर जब भी, बाँहों में भर लो या ठुकराओ।


जिस राह आपको पुष्प मिलें, आप उसी राह पर आगे बढ़ना।

राह में भी यदि पड़े मिलें हम, कुचल के आगे आपको बढ़ना।

हम तो पागल प्रेमी, हैं दीवाने, आपको बुद्धि नित राह दिखाये,

अपने आपको अपना के प्रिये, आप सदैव ही आगे बढ़ना।

Thursday, December 3, 2015

गुस्सा होकर आपने

हमको नहीं अपनी जिंदगी से है कोई गिला।

खुश हैं आपका कुछ पल को जो साथ मिला।

चाहत है कुछ पल और मिल पाएँ आज फिर,

दिल खोल कर दिखला सकें, जो इसमें सिला।


आपने ना हमसे कुछ कहा, ना हमको सुना।

नहीं जान पाये हम, जो ताना था आपने बुना।

बिना समझे कैसे? जी पाते आपके सपनों को,

गुस्सा होकर आपने, फेंक दिया कुछ ना सुना।

Wednesday, December 2, 2015

हमारी चाहत को ना समझ सके, वह बुद्धि कभी कपटी


मैं, तन्हा, अब भी आपको देख रहा हूँ।

आप सामने बैठी हो, मैं आपको घूर रहा हूँ।

गुस्सा होते हुए भी, मुस्कराहट न छिपती,

गीले बाल आइने में खड़ी, देख रहा हूँ।


जो जख्म दिए आपने, वक्त भी, उन्हें भर ना सकेगा।

मरहम नहीं दूसरा, आपके सिवा, कोई लगा ना सकेगा।

हमारी चाहत को ना समझ सके, वह बुद्धि कभी कपटी,

सच्चे दिल, आपको, आपके बिना दिल का जर्रा न मिलेगा।

Tuesday, December 1, 2015

एक बार बस मान जाओ

इतना सब कुछ दे चुकी हो, अपने कुछ पल और दे दो।

आपने अपना तो कहा था, वही बोल कुछ और दे दो।

आप कुछ भी कहो, रहो कहीं, हम अब भी आपको ही बसाये,

एक ही अब आश, एक आकांक्षा, एक बार और दर्श दे दो।


नाम आपका है लवों पर, नयनों में चेहरा बसा है।

दिल में आपका प्रेम सुरक्षित देख लो कैसा कसा है।

जिद छोड़ दो कुछ ही पलों को, एक बार बस मान जाओ,

तड़पाया है युगों से, दे चुकीं जो, क्या कम सजा है?


आपसे मिलने को हरदम, हम योजनाएँ हैं बनातें।

आपको एक पल निहारे, हम यही मनौती मनाते।

आप क्यों दिल कड़ा करतीं, अपने अन्दर तो निहारो,

एक बार बस झांक लो, जिस हिस्से को हम हैं सजाते।

Monday, November 30, 2015

सिर के बल हम दौड़ सकते

नहीं मालुम क्या लिखें, मस्तिश्क अब खाली हुआ।

आपके बिन सूना है यह घर, उर भी वीराना हुआ।

आपने ही था जिलाया, यह नाचीज परवाना हुआ।

अपने को तो हो दूर करतीं, क्यों जीने की देतीं दुआ?


संसार के बंधन में फंसकर, आपको ना छोड़ सकते।

रिश्ता कोई ना भले हो, प्रेम से मुँह ना मोड़ सकते।

आप हमारी संघटक हो, आप बिन हम हैं अधूरे।

आप जहाँ भी हो खड़ी, सिर के बल हम दौड़ सकते।

Sunday, November 29, 2015

http://www.shtyle.fm/writing.do?id=163775 से साभार ली गयी कविता

तथाकथित "असहिष्णुता" पर एक देशभक्त की रचना

by: Suman K (on: Nov 27, 2015)
Category: Poem   Language: Hindi 
tags: ***

अभिनेता आमीर खान के बढ़ती 'असहिष्णुता' के बयान पर जयपुर 
के कवि अब्दुल गफ्फार की ताजा रचना 
****************************** 

"तूने कहा,सुना हमने अब मन टटोलकर सुन ले तू, 
सुन ओ आमीर खान,अब कान खोलकर सुन ले तू," 

तुमको शायद इस हरकत पे शरम नहीं आने की, 
तुमने हिम्मत कैसे की जोखिम में हमें बताने की 

शस्य श्यामला इस धरती के जैसा जग में और नहीं, 
भारत माता की गोदी से प्यारा कोई ठौर नहीं 

घर से बाहर जरा निकल के अकल खुजाकर पूछो, 
हम कितने हैं यहां सुरक्षित, हम से आकर पूछो 

पूछो हमसे गैर मुल्क में मुस्लिम कैसे जीते हैं, 
पाक, सीरिया, फिलस्तीन में खूं के आंसू पीते हैं 

लेबनान, टर्की,इराक में भीषण हाहाकार हुए, 
अल बगदादी के हाथों मस्जिद में नर संहार हुए 

इजरायल की गली गली में मुस्लिम मारा जाता है, 
अफगानी सडकों पर जिंदा शीश उतारा जाता है 

यही सिर्फ वह देश जहां सिर गौरव से तन जाता है, 
यही मुल्क है जहां मुसलमान राष्ट्रपति बन जाता है 

इसकी आजादी की खातिर हम भी सबकुछ भूले थे, 
हम ही अशफाकुल्ला बन फांसी के फंदे झूले थे 

हमने ही अंग्रेजों की लाशों से धरा पटा दी थी, 
खान अजीमुल्ला बन लंदन को धूल चटा दी थी 

ब्रिगेडियर उस्मान अली इक शोला थे,अंगारे थे, 
उस सिर्फ अकेले ने सौ पाकिस्तानी मारे थे 

हवलदार अब्दुल हमीद बेखौफ रहे आघातों से, 
जान गई पर नहीं छूटने दिया तिरंगा हाथों से 

करगिल में भी हमने बनकर हनीफ हुंकारा था, 
वहाँ मुसर्रफ के चूहों को खेंच खेंच के मारा था 

मिटे मगर मरते दम तक हम में जिंदा ईमान रहा, 
होठों पे कलमा रसूल का दिल में हिंदुस्तान रहा 

इसीलिए कहता हूँ तुझसे,यूँ भड़काना बंद करो, 
जाकर अपनी फिल्में कर लो हमें लडाना बंद करो 

बंद करो नफरत की स्याही से लिक्खी 
पर्चेबाजी, 
बंद करो इस हंगामें को, बंद करो ये लफ्फाजी 

यहां सभी को राष्ट्र वाद के धारे में बहना होगा, 
भारत में भारत माता का बनकर ही रहना होगा 

भारत माता की बोली भाषा से जिनको प्यार नहीं, 
उनको भारत में रहने का कोई भी अधिकार नहीं" 

आप वार करके जा चुके हैं

आपको बस चाहते हैं, हम तो सब को बतला चुके है।

आप ने छिपकर था,  चाहा, प्रेम को झुठला चुके हैं।

प्रेम है बकवास केवल, आपने जब हमसे कहा था,

घायल है दिल आज भी, आप वार करके जा चुके हैं।


आप पहुँची दूर इतनी, मरहम भी क्या लगा सकोगी?

स्पर्श ना करो, ना सही, निज भावों से सहला सकोगी?

पुष्पों का मकरन्द पीकर, एक नजर ही देख लो बस,

काँटों में भी जीते हैं हम, एक झलक दिखला सकोगी?

Saturday, November 28, 2015

फ़ेसबुक पर भारती भारत की पोस्ट


आपके बिन मोह किससे? ना प्रेम ही अब शेष है

प्रेम ना कर सकीं, ईर्ष्या भी हमें मंजूर है।

ना हुआ राग आपको, विराग भी मंजूर है।

संयोग ना हो सका, वियोग भी है कब तलक,

अवधि बता दो, आपके साथ जहन्नुम भी मंजूर है।



आपके बिन नहीं जग में, रस कोई अब शेष है।

आपके बिन नहीं जग में, हमारा कोई अब वेश है।

आपको खोकर के जीते किस तरह यह देख लो बस,

हृदय नहीं, न है आत्मा, काया तुम्हारी, अब शेष है।


नहीं रहा कोई मित्र जग में, जीवन का ना लेश है।

आपके बिन मोह किससे? ना प्रेम ही अब शेष है।

प्रेम के बिन समझोगी नहीं तुम, मानव यंत्र विशेष है,

हमको नहीं सुख-दुख कोई अब, ना अपेक्षा, ना द्वेष है।



आपकी ही राह तकते, जीवन जीते जा रहे हैं।

आँसुओं को तो प्रिये हम, अन्दर पीते जा रहे हैं।

आप ना मिलो, हम मान जायें, हाल आपके जान जायें,

यही रहा यदि हाल हमदम, आपके पास ही आ रहे हैं।


हमने आपको सौंप दिया, अब किसके भरोसे रहे यहाँ पर।

नहीं है हमारी यहाँ जरूरत, हम भार बन रह गये जहाँ पर।

अपना समझते थे,  हमें जो, आज वह भी जान गये हैं,

हम तो केवल आपके हैं, आप कहें, हम जायें कहाँ पर?

Friday, November 27, 2015

पहले बुलाया, गले लगाया, दूर हटो, फिर कह गयीं

याद ही बस आपकी अब पास हमारे रह गयीं।

कल्पना थी साथ की, जल के बिना ही बह गयीं।

क्या खता थी? आप हम को वह बताती रह गयीं।

झेल लो अब वियोग अग्नि, नहीं यह भी कह गयीं।

नजरों में बसी थीं तब, दिल में समाकर बह गयीं।

पहले बुलाया, गले लगाया, दूर हटो, फिर कह गयीं।

ना दूर थे, ना दूर हैं अब, बैठे वहीं जहाँ कह गयीं।

आओगी कभी, अब भी आश, भले नहीं तुम कह गयीं।

Wednesday, November 25, 2015

इन नारियों से बचो


पारदर्शिता सुख की जननी

भावनाओं में जीते हैं जो, आप तो उनको मूरख कहतीं।

हानि-लाभ व्यापार आपका, बता दो जान, खुश हो रहतीं।

हमने जीवन, बस यूँ ही छोड़ा, गंगा जल बहता  सीधा है।

काश! कभी हो इच्छा आपकी, करो स्नान देख इसे बहती।

डरकर जीवन जीना जानम, हमने नहीं अब तक सीखा है।

अन्दर बाहर एक रहो बस, कृत्रिम, आदर्शों का विष तीखा है।

क्या छुपायें? क्यों छुपाये? जो भी किया वह, पाहन रेखा है।

पारदर्शिता सुख की जननी, निष्कपटता जीवन-गीता है।

Tuesday, November 24, 2015

सांझ-सकारे कोई निहारे

हमने प्रेम को सब कुछ समझा,

 सब कुछ है कुर्बान किया।

हमने समझा जीवन प्रेम है, 

प्रेम को पूरा मान दिया।

सभी प्रेम के भूखे धरा पर, 

आपको भी बेहाल किया।

भटक गये हो, खुद को भूले, 

प्रेम का ही अपमान किया।

कण-कण देखो यहाँ पुकारे

हमको प्रेम से कोई पुकारे

दिल में से आवाज एक ही,

सांझ-सकारे कोई निहारे ।

Monday, November 23, 2015

आपने होकर किनारे

आपने चाहा था कभी, हम आसमां के बनें सितारे।

जमीं भी तो जुदा है कर दी, आपने होकर किनारे।

हम जी रहे इस आश में हैं, आपके दर्शन तो होगें,

आप सामने जब भी होगीं, खोल देगें हिय पिटारे।

आपके तन की महक ही, आज भी तन में बसी है,

देखते हैं जिधर भी हम, उन्हीं अधरों की हँसी है।

आप तो रहीं जाँच करती, हमने दिल बैठा लिया था,

अन्तर झाँक कर देखो जरा, मूरत आपकी ही बसी है।

Sunday, November 22, 2015

कोई नहीं यहाँ साथ देता

काश! हम तुम्हें भूल पाते, जीवन जीना जान पाते।

कोई नहीं यहाँ साथ देता, तथ्य को हम मान जाते।

हम तो बस भावुक ही ठहरे, छोड़ना सीखा नहीं है,

स्वार्थ हित समझौते करना, काश! हम स्वीकार पाते।

जाओ आप, खुशियाँ ही ढूढ़ों, हम तो यूँ जीते रहेंगे,

आपकी खुशियों को लखकर, हम भी मुस्काते रहेंगे।

काँटों में खेले हैं हम तो, सुमन आपको हों मुबारक,

सुधा आपको मिलता रहे बस, हम तो विष पीते रहेंगे।

Saturday, November 21, 2015

आपही सरताज अपनी

जीते ही नहीं आनन्द से हैं, मेहरबानी आपकी है।

शहनाइयों की चाह नहीं, बस कद्रदानी आपकी है।

काम में डुबा लिया है अब,यह रोशनाई आपकी है।

प्रेम का क्या हस्र होता, यह सिखावट आपकी है।

आपको कैसे भूल सकते, आपही हमराज अपनी।

आप तो हिय में विराजीं, आपही सरताज अपनी।

आपने ही है सिखाया, चलते रहना ही जिन्दगी है,

आप अब भी अन्दर विराजीं, आपही हमराह अपनी।

Thursday, November 19, 2015

पथरीले रास्तों की थकान

१

जीवन यात्रा के 

पथरीले रास्तों की थकान

कुछ पल चाहा विश्राम,

लहर की मुस्कान

चाहत थी 

पीयेंगे नारियल का

 मृदु शीतल जल

एक हो जायेंगे 

सागर तट पर

 धरती और अम्बर

मालुम न था, 

सागर में आयेगा तूफान,

रोयेगा आसमान

हम होंगे हैरान

 बिखरेगी आपकी मुस्कान।


२
राधा और कृष्ण

उद्धृत किए थे

जब आपने

लगता था 

आपके हृदय में भी है

प्रेम बीज रूप में

सीचनें से बनेगा वृक्ष!

पल्लवित और पुष्पित होगा

फल भी लगेंगे 

जब हम मिलेंगे

शायद मैं सींच नहीं पाया

और आपके उर का अंकुर

झुलस गया समाज की

कड़ी धूप से।

Wednesday, November 18, 2015

काश! हम मिल पाते आपसे

दिल की धड़कन तेज जब चलतीं

रोते हुए भी ये आँख मचलतीं

चेहरे पर ये, मुस्कान है फीकी

अन्तर में नदियाँ नित, चलतीं।

काश! हम मिल पाते आपसे

दो पल को बतियाते आपसे

आप भले ही हमें भुलाओ,

हम तो हर पल हरषाते आपसे।

प्रसन्न रहो बस, जैसी भी हो

कहना चाहूं कहा नहीं जाये


अनुभूति आप समझ न पाये


दिल की भाषा जुबान न जाने


प्रेमी ही इस गीत को गायें।



आप कहाँ हो? कैसी हो?


चाहा था क्या वैसी ही हो?


हम तो केवल दुआ ही करते,


प्रसन्न रहो बस, जैसी भी हो।


Tuesday, October 20, 2015

आपको याद होगा

यादों में मैं तड़प रहा, पास अब आ जा प्रिये।
मीठे-मीठे बोल बोल, अपने हिय से लगा ले प्रिये।
तड़पन मेरी ही है, तेरी तड़पन का प्रमाण।
दिल को मारकर क्यों? अपने को सताये प्रिये।

मैं भी तड़प रहा प्रिये, आप भी तो तड़प रहीं।
हम दोनों ही हैं एक फिर, आग क्यों भड़क रही।
दुनियाँ के डर से ही आप, हमें क्यों भुला बैठीं?
दुनियाँ है प्यार की दुष्मन, यही है रीति रही।

6.22.2007

मिले थे हुए थे एक कभी हम आपको याद होगा।
रोये थे, हँसे थे, मिलकर कभी, आपको याद होगा।

अस्त होते हुए, चाँद-सी, आप धीरे से मुस्करायीं थीं।
खिले थे आपके गुलाब, होठों के, आपको याद होगा।

षोड्सी बाला की तरह, आपके कपोलों की अरुणाई थी।
पिया था नयनों का जाम हमने मिल, आपको याद होगा।

नदी के सूखे किनारों की तरह, मैं इस पार आप उस पार पड़ीं।
फूल खिलने से पहले ही,मसलीं गईं कलियाँ, आपको याद होगा।

ये डाली भी है सूखती, हर पल, वो डाल भी तो सूख रही।
कलियों से फूल, फूल से फल बनने थे, आपको याद होगा।

Saturday, August 29, 2015

विश्व में हिन्दी जानने वालों की संख्या


भारत में हिन्दी जानने वालों की संख्या


 विश्व की भाषाओं के बोलने वालों का स्थान

Monday, August 10, 2015

अधर आपके रस बरसाएँ

किस्मत को हम नहीं थे मानते, आपको किस्मत मान लिया है।

हमारा नहीं, अब कुछ जग में, यश भी व्यर्थ, यह जान लिया है।

सभी हैं अपने, सभी पराये, दिल ने आपको स्वीकार किया है।

अपना दिया नहीं, हमारा लिया है, दिल को लेकर दगा किया है।


जन्म दिन सदैव आपका आये, चेहरे आपके हरपल मुस्काएँ।

मूर्ख बनाओ, हमको कितना, पल भर यदि मुस्कान दिखाएँ।

हम तो अकेले भी जी लेते, तुमको ही साजन मिल जाएँ।

आप रहो खुश , खुशी  बिखेरो, अधर आपके रस बरसाएँ।

Monday, August 3, 2015

सामने आये वो मूर्ति आपकी

अपनी गाड़ी दिषा से भटकी, नाव तो है पतवार नहीं है।

नदी में भंवर, तूफान हैं सिर पर, लेकिन खेवनहार नहीं है।

हमने तुमको नैया सौंपी, डुबाओं हमें दरकार नहीं है।

बैठे हैं हम करें प्रतीक्षा, प्रेम कोई व्यापार नहीं है।


सुखी रहो आप जहाँ भी चाहो, हमारी खुषी हैं खुषी आपकी।

कोई गलती नहीं करी थी हमने, प्रेम अग्नि नहीं पश्चाताप की।

 मिलने के ही हम आकांक्षी, हम पूरी करें हर इच्छा आपकी।

एक बार बस एक बार प्रिय, सामने आये वो मूर्ति आपकी।

Sunday, August 2, 2015

नजर मिला कहो प्यार नहीं है

बिखर गए हैं सारे सपने, मंजिल का मुझे ज्ञान नहीं है।

आप से रिश्ता कोई भले नहीं, अलगाव का भान नहीं है।

रिश्ते तो गैरों से होते, अपनों से कोई, व्यवधान नहीं है।

आप भले ही भिन्न समझतीं, अपना-पराया कोई नहीं है।

हम तो एक सदैव रहेंगे, आपको भले ही अहसास नहीं है।

तन से हो जाओ भले दूर, धन की हमें दरकार नहीं है।

मन तो हमें आप दे ही चुकीं हैं, वापसी का आधार नहीं है।

हिम्मत हो तो सामने आओ, नजर मिला कहो प्यार नहीं है।

Sunday, July 19, 2015

दुनियाँ के आगे क्यूं चेहरा छुपाती हो

आप हो हमारी हम आपके हैं हो चुके,
कहने में प्यारी आज क्यूँ शरमाती हो।
अपने को हमें आप पहले ही सौंप चुकी,
मिलने से आज फिर क्यूँ कतराती हो।
प्रेम की पथिक हो, निर्णय कर चुकीं,
दुनियाँ के आगे क्यूं चेहरा छुपाती हो।
छोड़ लोक-लाज, हमारे साथ आ ही चुकीं,
मिलन के पल नहीं, क्यूँ हरषाती हो।

Wednesday, July 15, 2015

जीवन की गति ने बतलाया

प्रेम का मतलब पाना नहीं है


जीवन की गति ने बतलाया, गीत का मतलब गाना नहीं है।

आपने ही हमको बतलाया, प्रेम का मतलब पाना नहीं है।

प्रेम नहीं है कठौती किसी की

प्रेम नहीं है कसौटी किसी की।

प्राणों की रसमय यह धारा,

प्रेम नहीं है बपौती किसी की।

प्रेम के अर्थ को सीमित ना करो, उपहारों का आना नहीं है।

आपने ही हमको बतलाया, प्रेम का मतलब पाना नहीं है।।

सृश्टि का कण-कण है प्यारा,

प्रकृति ने ही तो हमें दुलारा।

आप भी तो प्रकृति की कृति हो,

चेहरा आपका कितना प्यारा।

हमने हर पल ही समझाया, मन-मूरख है माना नहीं है।

आपने ही हमको बतलाया, प्रेम का मतलब पाना नहीं है।

चाँद में भी तो चेहरा आपका,

सूरज में भी लगे, तेज आपका।

प्रकृति के कण-कण में रमी हो,

सागर भी तो दिल है आपका।

हम तो इतना ही समझे हैं, दिल किसी का दुखाना नहीं है।

आपने ही हमको बतलाया, प्रेम का मतलब पाना नहीं है।

Sunday, June 21, 2015

वियोग सहा है बहुत ही अब तक

गीत मिलन के भी गा जाओ


गले  लगो अब तो आ जाओ,

अन्तर तम में तुम छा जाओ।

वियोग सहा है बहुत ही अब तक

गीत मिलन के भी गा जाओ।

शिकवे शिकायत दूर करेंगे,

एक-दूजे के जब हो लेंगे।

डरती क्यों हो कठिनाई से,

मिलकर कष्टों  को जी लेंगे।

Saturday, June 20, 2015

कामाग्निी में तपी हुई हो

कह नहीं सकते साथ नहीं हो


आप हमारे पास नहीं हो,
कह नहीं सकते साथ नहीं हो।
आप आज भी छिपी हो उर में,
कैसे कहें अब आश नहीं हो।

हम साथ आपके ही जीते हैं,
नयनों की मस्ती पीते हैं।
कपोलों  की अरूणाई चूमें,
अधरामृत भी हम पीते हैं।

शरीर आपका दूर है भागा,
मन से हमने बाँधा तागा।
आपको नहीं छोड़ सकते हम,
जीते गीत आपके गा-गा।

आप ही दिल में बसी हुई हो,
आलिंगन में कसी हुई हो।
कहने में सकुचाती क्यों हो?
कामाग्निी में तपी हुई हो।

Tuesday, June 16, 2015

हँसने के दिन बीत चुके

अब घुट-घुट करके जीना है




जान-बूझकर नरक में कूदा, पी ले हलाहल पीना है।

हँसने के दिन बीत चुके, अब घुट-घुट करके जीना है।।

कैसे निभायेगा जिम्मेदारी?

धोखा मिला, धोखे से यारी

विश्वास किया, तूने जिस पर

छल के अंकुर, छल की क्यारी।

कर में आये कांच के टुकड़े, तूने  समझे नगीना हैं।

हँसने के दिन बीत चुके, अब घुट-घुट करके जीना है।।

कर्म पथ पर चलेगा कैसे?

सोते हुए को तजेगा कैसे?

जिनको अपने कहता है तू,

उनके दुख को सहेगा कैसे?

अकर्मण्य  हैं साथी  तेरे,  तूने  बहाना पसीना है।

हँसने के दिन बीत चुके, अब घुट-घुट करके जीना है।।

मरना चाहे मर नहीं सकता,

जिम्मेदारी तज नहीं सकता

प्रेम का नाटक होता है नित,

तू तो नाटक कर नहीं सकता।

समझाया, समझ न पाया, खुद ही निकला कमीना है।

हँसने के दिन बीत चुके, अब घुट-घुट करके जीना है।।

शिकायत नहीं आपसे कोई

शिकायत केवल अपने से है


जो-जो सीख आपने दी थीं

बोले नहीं चुपचाप ही पी थीं।

हृदयंगम आज कर रहे उनको,

जीवन में जो आपने जी थीं।

शिकायत नहीं आपसे कोई,

शिकायत केवल अपने से है।

आप तो मिली बहुत पहले ही

अज्ञानी थे,  हमने खोईं।

फसल वहीं हम काट रहे हैं,

हमने मिलकर जो थीं, बोई।

मासुम सी ख़्वाहिश थी

फ़ेसबुक पर रोजगार समाचार के हवाले से सोनिया 


खटकर द्वारा प्रकाशित पोस्ट मुझे पसन्द आई आप 


भी पढ़िये-


पैर की मोच
और
छोटी सोच,
हमें आगे
बढ़ने नहीं देती ।
टुटी कलम
और
औरो से जलन,
खुद का भाग्य
लिखने नहीं देती ।
काम का आलस
और
पैसो का लालच,
हमें महान
बनने नहीं देता ।
अपना मजहब उंचा
और
गैरो का ओछा,
ये सोच हमें इन्सान
बनने नहीं देती ।
��दुनिया में सब चीज
मिल जाती है,....
केवल अपनी गलती
नहीं मिलती...
�� Some lines with deep meanings. ...
��: बुलंदी की उडान पर हो तो ,
जरा सब्र रखो।
परिंदे बताते हैं कि ,
आसमान में ठिकाने नही होते ।।
��: चढ़ती थीं उस मज़ार पर चादरें बेशुमार ,
लेकिन बाहर बैठा कोई फ़क़ीर सर्दी से मर गया।।
��: कितनी मासुम सी ख़्वाहिश थी इस नादांन दिल की ,
जो चाहता था कि.. शादी भी करूँ और ....
ख़ुश भी रहूँ ।।
��: छत टपकती है उसके कच्चे घर की , वो किसान फिर भी बारिश की दुआ माँगता है ।।
��: तेरे डिब्बे की वो दो रोटिया कही भी बिकती नहीं ,
माँ ...........
होटल के खाने से आज भी भूख मिटती नहीं ।।
��: सीख रहा हूं अब मैं भी इंसानों को पढने का हुनर ,
सुना है चेहरे पे किताबों से ज्यादा लिखा होता है ।।
��: लिखना तो ये था कि खुश हूँ तेरे बगैर भी ,
पर कलम से पहले आँसू कागज़ पर गिर गया ।।
��: " मैं खुल के हँस तो रहा हूँ फ़क़ीर होते हुए ,
वो मुस्कुरा भी न पाया अमीर होते हुये ।।
�� : कैसी लगी, अगर अच्छी लगीं हों तो औरो को भी भेज देना ।
दोस्तो आपको हमारी ये पोस्ट कैसी लगी हमे जरूर वताये और ज्यादा से ज्यादा शेयर करके अपने दोस्तो को भी पढवाये॥

Sunday, June 14, 2015

प्रेम का पथ पथरीला, टेढ़ा,

फकीरी ही जिस पर है फलती


जब प्रेमी पथ पर चल देते,

अपनी नाव स्वयं ही खेते।

साथ न कोई उनका देता, 

दुनियाँ तो बस गले ही रेते।


दुनियाँ तो लकीर पर चलती,

काँटों से हर पल ही डरती।

प्रेम का पथ पथरीला, टेढ़ा,

फकीरी ही जिस पर है फलती।

Friday, June 12, 2015

प्रेम के दुश्मन

कायर ना चल पायें संग में



प्रेम के दुश्मन, कदम-कदम पर

चलना पथ पर संभल-संभल कर

दुनियाँ पागल कहेगी, ठुकरायेगी,

हमको बढ़ना होगा जोखिम लेकर

जब अपने ही ठुकरा के कहेंगे

प्रेम को, प्रेमी ही बकवास कहेंगे

सब कुछ सहा है, और भी सहेंगे,

आप मिलो तो कर भी गहेंगे।


प्रेम के दुश्मन हैं इस जग में,

कोई न साथी है इस मग में।

सभी विरोधी बन जाते हैं,

मौत भी मिल सकती है पल में।

प्रेम की राह नहीं है जग में,

सपने भी मिट जाते पल में।

जोखिम भरी राह गढ़नी है,

कायर ना चल पायें संग में।

Sunday, June 7, 2015

मजबूरी के ये रिश्ते-नाते, मजबूरी में भी जीना है

अविश्वास का विष



मजबूरी  के ये रिश्ते-नाते, मजबूरी  में भी जीना है।

अविश्वास का विष भी प्यारे, सुधा समझकर पीना है।।

कर्तव्य पथ पर आगे बढ़

कर्म पथ की सीढ़ी चढ़

स्थिर प्रज्ञ हो आगे देख

जीवन पथ फिर से गढ़

कर्तव्य पथ पर बढ़ प्रतिपल, खून को बना पसीना है।

 अविश्वास का विष भी प्यारे, सुधा समझकर पीना है।।

अधिकार नहीं, कर्तव्य याद कर,

अपेक्षा नहीं, न ही फरियाद कर

सबको गले लगाता चल बस

निस्वार्थ नित तू परोपकार कर

कण्टक पर्वत टकराकर भी, जीवन बहुमूल्य नगीना है।

अविश्वास का विष भी प्यारे, सुधा समझकर पीना है।।

समय बिताना नहीं है हमको

उपयोगी हैं पल-पल हमको

किसकी खातिर ठहरगें हम?

साथ में चाहो, चलना तुमको

राष्ट्रप्रेमी चलना ही पथ है, जीवन प्रति पल जीना है।

अविश्वास का विष भी प्यारे, सुधा समझकर पीना है।।

Saturday, June 6, 2015

छोड़े कल की बातें

नए दौर में बढ़कर, लिख लें नई कहानी


छोड़े कल की बातें, कल की बात पुरानी।

नए दौर में बढ़कर,  लिख लें नई कहानी।।


बीत गया,  जो बीत गया,  पछताने का ना कोई मतलब।

कहा-सुना बहुत आज तक, दुहराने का ना कोई मतलब।

भिन्न राह के राही हैं हम, वायदों का,  ना कोई मतलब।

समय मिला, अवसर चूके, पछताने का ना कोई मतलब।

राष्ट्रप्रेमी अब आगे बढ़ता, साथ  चले जो वही है रानी।

                     छोड़े कल की बातें, कल की बात पुरानी।

बातों के थे शेर हम केवल, अवसर था, नहीं मिल पाये।

काम-काज का अवसर था जो, हमने केवल गाल बजाये।

वादे मिलन के किए बहुत थे, अवसर पाया पीछे धाये।

पवित्र भाव को अपवित्र समझ, मित्र आपने हम ठुकराये।

काँटों को हम गले लगाते, आप हैं कुसुमों की महारानी।

                       छोड़े कल की बातें, कल की बात पुरानी।

विदा की बेला, विदा करो, शुभकामनाएँ  स्वीकार हमारी।

मन का मीत मिले आपको, जग में पाओ  शोभा न्यारी।

साहस, प्रेम, आत्मविश्वास से, महके तुम्हारी जीवन क्यारी।

पीड़ाएँ सब हमको दे दो, आपको मिले बस सुख की यारी।

राष्ट्रप्रेमी की कठिन डगर है, आप बनें नायिका अभिमानी।

                          छोड़े कल की बातें, कल की बात पुरानी।

आमन्त्रण हैं जीवन रथ में

सुख की सेजों का साधक





हम जिस पथ के राही हैं, साथ न कोई चल पायेगा।

सुख की सेजों का साधक, साथ  हमारे क्या गायेगा?

मजबूरी का जीवन जीना,

झूठ बोल कर सच को पीना

भूत को रहस्य बनाकर साथी,

भावी पथ विश्वास कभी ना।

अच्छा कर्म करे ना भाई, फिर क्यों अच्छा दिखलाएगा?

सुख की सेजों का साधक, साथ  हमारे क्या गायेगा?

जग से कुछ भी नहीं छिपाया

जो भोगा है वही  है  गाया।

प्रेम पथ के पथिक नहीं हम,

राष्ट्रप्रेमी ने कर्तव्य  निभाया।

सच्चा साथी खोज रहे थे, कभी नहीं वह मिल पाएगा।

सुख की सेजों का साधक, साथ  हमारे क्या गायेगा?

कर्मठ व्यक्ति कर्म करें बस,

जैसा है स्वीकार करें बस।

अच्छा लगने की क्यूँ चिंता?

अच्छा केवल कर्म करें बस।

करना है जो आज करो अब, कल तो कभी नहीं आएगा।

सुख की सेजों का साधक, साथ  हमारे क्या गायेगा?

हमको तो चलना है पथ में,

आमन्त्रण हैं जीवन रथ में।

साथ चलो तो खुशी मिलेगी,

रूकेंगे नहीं, इस पनघट में।

आलस्य त्याग कर साथ चलो, चलते-चलते पथ आएगा।

सुख की सेजों का साधक, साथ  हमारे क्या गायेगा?