दिल में नफरत लिए घूमते
सभी प्रेम की बातें करते, दिल में नफरत लिए घूमते।
गला काटने की तैयारी, फिर भी देखो हाथ चूमते।।
आई लव यू ब्राण्ड बन गया।
मरघट भी बाजार बन गया।
धोखे से दुल्हन बन करके,
झूठा दहेज का केस लग गया।
पति-पत्नी अब पद ही होते, एक-दूसरे को रोज मूढ़ते।
सभी प्रेम की बातें करते, दिल में नफरत लिए घूमते।।
पैसे से हों, रिश्ते-नाते।
प्रेम नाम केवल भरमाते।
हाईटेक हैं आज के प्रेमी,
एसिड अटैक से होती घातें।
जेल भेजते, मर्डर करते, ज्यों कढ़ाई में चने भूनते।
सभी प्रेम की बातें करते, दिल में नफरत लिए घूमते।
ग्लेमर के जादू की खूबी।
धन की खातिर प्रेम में डूबी।
प्रेम जाल में धनिक फंसाकर,
करती मस्ती, बनती मूवी।
रिश्ते हैं बाजार में बिकते, प्रशिक्षित दुल्हन शिकार ढूढ़ते।
सभी प्रेम की बातें करते, दिल में नफरत लिए घूमते।
राष्ट्रप्रेमी पग पग पर धोखे।
सत्य राह चल, देख न मौके।
भले ही कोई तुझको लूटे,
रूकना नहीं किसी के रोके।
सावधान हो! आगे बढ़ना, अपने बनकर लोग मूढ़ते।
सभी प्रेम की बातें करते, दिल में नफरत लिए घूमते।
