Monday, July 13, 2020

पूरण करती, नर को नारी


               डाॅ.संतोष गौड़ राष्ट्रप्रेमी


सृष्टि की रचना, सबसे प्यारी।
सजती सृष्टि, जीवन क्यारी।
प्रेम डोर में, बाँधे नर को,
खुशियों की, वह है फुलवारी।

महानता की चाह न उसकी।
गहराई की थाह, न उसकी।
पिता, भाई, पति और पुत्र,
और कोई पहचान न उसकी।

घर में लाती है, खुशहाली।
माता, बहिन हो, पत्नी, साली।
गृह लक्ष्मी की बरकत से ही,
घर घर मनती है, दीवाली।

जन्मदात्री, नर की नारी।
पालन-पोषण, जाती बारी।
नर को समर्पित, अपना आपा,
प्रतियोगी नहीं, नर की, नारी।

नर की देखो, जान है नारी।
युगों-युगों से, शान है नारी।
सूपर्णखा, सीता या द्रोपदी,
नर जीवन की, आन है, नारी।

प्रकृति की श्रेष्ठ कृति, नर-नारी,
जिम्मेदारी है, उनकी सारी।
नारी को नर, पूरण करता,
पूरण करती, नर को नारी।

No comments:

Post a Comment

आप यहां पधारे धन्यवाद. अपने आगमन की निशानी के रूप में अपनी टिप्पणी छोड़े, ब्लोग के बारे में अपने विचारों से अवगत करावें.