Sunday, March 26, 2017

चाहो जो तुम लूट लो


चाहो जो तुम लूट लो, दो न प्रेम का घाव।
लुटकर भी जीते रहें, प्रेम घात है दाव॥



वास्तविकता जी सखे, प्रेम मिले ना ख्वाब।
सबसे प्रेम से बातें, बनी रहेगी आब॥



प्रेम नाम धोखे बिछे, होते नित उतपात।
सावधान! विशवास में, होना है आघात॥



प्राण लेत हैं वाम


धोखा दे शादी करत, फ़ैलायें आतंक।
ऊपर से ये श्वेत है, नीचे भरी है पंक॥



सम्बन्धों के नाम यहां,धोखे है अब आम।
कदम-कदम पर सभल तू, प्राण लेत हैं वाम॥



प्रेम नाम धोखे मिलें, जीवन ही है मौत।
एक रहे दूजी मिले, वही कहाती सौत॥



चाहो जो तुम लूट लो, दो न प्रेम का घाव।
लुटकर भी जीते रहें, प्रेम घात है दाव॥



Saturday, February 25, 2017

प्रेम उपकरण ठगी का

ऐसा साथी चाहिए, ऐसी चाहत मित्र।

कुछ न छिपाए, सब सुने, पारदर्शी हो चित्र॥



सच कहने की चाह है, श्रोता चाहूं एक।

सच को कह व सुन सके, मिली न कोई टेक॥



सम्बन्धों की भीड़ में, मिला न मुझको एक।

मन की कह औ सुन सकूं, मिलता कोई नेक॥



प्रेम उपकरण ठगी का, बेच रहे हर रोज।

मैं इसको ढूढ़न चला, पूरी न होती खोज॥



प्रेम नाम पर मिलत हैं, मिलते हैं बस गात।

अन्दर अन्दर कोसते, पीछे करें उत्पात॥

Wednesday, February 22, 2017

सच आत्मा का भोज है, बढ़ता नर का तेज

प्रेम नहीं जग में मिले, नर गरीब यदि होय।

प्रेम जाम जिसने पिया, और अमीर न कोय॥



अन्दर अन्दर काटते, करें प्रेम की बात।

सावधान तू दूर रह, छिप करते हैं घात॥



अपनी धुन में सब लगे, सुनत न कोई बात।

झूठ बोल कर ठग रहे, प्रकट मिलत कह तात॥



सच आत्मा का भोज है, बढ़ता नर का तेज।

झूठ बढ़ाता बोझ है, चिन्ता की सजी सेज॥



सच का ही आंचल गहे, दुश्मन हो संसार।

घर की भी अब चाह ना, धोखे बारंबार॥



ठोकर खाकर सभलते, लगे भले ही चोट।

निर्भय हो विचरण करें, नहीं किया है खोट॥



कर्तव्य कर, फ़ल चाह ना, सस्ता बिकता प्रेम।

प्रेम नाम ठगते यहां, कहते उसको गेम॥

Saturday, January 21, 2017

परिवर्तन की स्वीकारोक्ति ही संतुष्टि का आधार

                                                                                    /डॉ.संतोष गौड़ राष्ट्रप्रेमी

परिवर्तन प्रकृति का नियम है। यह कहावत अक्सर कही सुनी जाती है। परिवर्तन ही वह शक्ति है, जो प्रकृति के प्रत्येक अंग को नवीनता प्रदान करती है। परिवर्तन ही उत्साह व अभिप्रेरण की शक्ति है। परिवर्तन के परिणामस्वरूप ही प्रत्येक प्राचीन वस्तु नष्ट होकर नवीन को जन्म देती है। प्रत्येक नवीन वस्तु व प्राणी समय के साथ परिवर्तित होकर पुराना होना ही है। नवीनता से पुरातनता निकलती है तो पुरातनता ही नवीनता को जन्म देती है। प्रत्येक वस्तु व प्राणी नवीनता व प्राचीनता के इस चक्र से गुजरते रहते हैं और सृष्टि का यह पहिया इसी प्रकार चलता रहता है। वास्तव में परिवर्तन के फलस्वरूप ही संसार स्थायित्व ग्रहण करता है। यदि मृत्यु न हो तो जीवन एक भार बन जाय, यदि जन्म न हो तो नवीनता का सृजन कैसे होगा? वस्तुतः परिवर्तन ही नवीनता व पुरातनता के साथ मिलकर संसार को आनंददायक बनाते हुए हुए स्थायित्व प्रदान करता है।
आप किसी वन क्षेत्र में जाइए तो देखेंगे कि संपूर्ण बन क्षेत्र में छाटे-मोटे परिवर्तन तो होते रहते हैं किंतु वह लगभग स्थायित्व लिए हुए है। नवीनता और प्राचीनता का सुन्दर संगम देखने को मिलेगा। छोटे-पौधे बड़े होते हुए प्राचीनता की और बढ़ रहे होते हैं तो प्राचीन नवीन पौधों के लिए स्थान रिक्त करने को तैयारी करते देखे जाते हैं। इस प्रक्रिया के परिणामस्वरूप  आप किसी देखे हुए वन क्षेत्र में पचास वर्ष बाद भी जायेंगे तो आपको सब कुछ पूर्व की भाँति ही मिलेगा, बशर्ते मानवीय हस्तक्षेप के कारण आमूलचूल बदलाव न किया गया हो।
आपके दादा-दादी वृद्ध हो रहे हैं। वे बार बार ईश्वर के पास जाने की बात करते दिखाई देते हैं। वास्तव में उनके स्थान को आपके माता-पिता भरने की स्थिति में होते हैं। आप अपने माता-पिता के स्थान को लेने की तैयार हो रहे होते हैं। आनुवांशिकता के कारण आपके दादाजी व आपके पिताजी में बहुत सी समानताएँ भी देखी जाती हैं। शारीरिक कद काठी देखकर कहा जाता है कि फलां व्यक्ति तो हूबहू अपने बाप की तरह है। पारिवारिक संस्कार व परंपरायें भी समानता को सुनिश्चित करने में अपना योगदान देती हैं। आपको आध्यात्मिक क्षेत्र में संसार को क्षणभंगुर कहते हुए मिल जायेंगे, किंतु यह सत्य नहीं है। संसार क्षण भंगुर नहीं वरन स्थाई है। क्षण-क्षण परिवर्तन भले ही होता हो किंतु संसार इसी परिवर्तन के फलस्वरूप अपने मूलरूप में बना रहता है।
इस स्थाई परिवर्तन को स्वीकार करके ही हम आनन्ददायक जीवन बिताते हुए संतुष्ट रह सकते हैं। हम जो है और जहाँ हैं वही और वहीं नहीं रह सकते। हमारे ऊपर समय का प्रभाव हो रहा है। हम प्रगति करें या अवनति दोनों ही परिवर्तन के अंग हैं। परिवर्तन तो समय चक्र का भाग है। हम इसे रोक नहीं सकते किंतु अपने नियंत्रणाधीन कर्मो को दिशा देकर प्रगति या अवनति को निर्धारित कर सकते हैं। हमें किसी पद या स्थान से चिपकने की प्रवृत्ति को त्याग कर अपनी दूसरी पीढ़ी के लिए स्थान खाली करते हुए आगे बढ़ने के लिए तैयार रहना चाहिए। इसी स्वीकारोक्ति और तैयारी में सुख, आनंद और संतुष्टि का आधार है। 


Tuesday, September 13, 2016

बन्दे मातरम्

माँ भारती हम सब की माता
यही है माता यही विधाता
हम सब इसकी संतान हैं
छाती ठोक गर्व से बोलें
मेरा भारत महान है
यही भाव रहे सीने अपने
हो एक पल भी न कम
लगा भाल पे इसकी माटी
कहें बन्दे मातरम
बन्दे मातरम ,बन्दे मातरम
फिर कहलाये सोने की चिड़िया
हो कायम यहाँ चैन औ अमन
कर्ज उतारें मिटटी का इसकी
सौ सौ बार इसे करें नमन
लगा भाल पे इसकी माटी
कहें बन्दे मातरम
बन्दे मातरम ,बन्दे मातरम
सुख समृद्धि का लगायें नारा
तन मन भी चाहे जाए वारा
करें वन्दना चरणों में माँ की
चलो खायें माँ की कसम
लगा भाल पर इसकी माटी
कहें बन्दे मातरम्
बन्दे मातरम् ,बन्दे मातरम्
आंचल समेटे माँ अपने बच्चे
हैं चार धरम चारों ही अच्छे
देश की खातिर मर मिट जाएँ
अब अपना यही जतन
लगा भाल पर इसकी मिटटी
कहें बन्दे मातरम्
बन्दे मातरम् ,बन्दे मातरम्
दुश्मन जिन्दा नहीं जाने देंगे
आंच न इसपर आने देंगे
इसकी जय जयकार से गूंजें
ये धरती और वो गगन
लगा भाल पर इसकी माटी
कहें बन्दे मातरम
बन्दे मातरम ,बन्दे मातरम्
न घर है न ही  परिवार हमारा
पंद्रह अगस्त त्यौहार है प्यारा
है संकल्प यही अब अपना
यही अपना एक धरम
लगा भाल पर इसकी माटी
कहें बन्दे मातरम्
बन्दे मातरम् ,बन्दे मातरम्
खड़े सीमा पर जितने भी जवान
कोई हिन्दू है न है मुसलमान
आँख उठा देखे कोई माँ को
लहू हो जाता इनका गरम
लगा भाल पर इसकी माटी
कहें बन्दे मातरम्
बन्दे मातरम् ,बन्दे मातरम

साहित्यकार  सपना मांगलिक
f-659 agra (up)282005

 email-sapna8manglik@gmail.com

Saturday, September 10, 2016

उठा तिरंगा हाथ में कहें बंदे मातरम

साहित्यकार  सपना मांगलिक
f-659 agra (up)282005
 email-sapna8manglik@gmail.com


बन्दे मातरम्)
1
जुल्म रक्तपात का ,देश के विनाश का
दह्शाती लूटपाट का ,करें खेल अब खत्म
न कोई दुखी हो न हो सीने में कोई गम
करेंगे नाम रोशन इस सरजमीं का हम
उठा तिरंगा हाथ में कहें बंदे मातरम
संसद इस राष्ट्र की मलंग हो गयी
मर्यादा नीती इनदिनों पतंग हो गयी
नेता भी लो देश से महान हो गए
गद्दारों से सांठगाँठ यही काम हो गए
कुर्सी के खटमलों को खींच फैंक डालें हम
विभीषणों की संख्या करें देश से खत्म
उठा तिरंगा हाथ में कहें बंदे मातरम
टूटा है दिल देश का ,इसे आस चाहिए
रग रग में दौढ़ता नया विश्वास चाहिए
जिस सोने की चिड़िया के पर कतरे हैं लोगो
नए पंख देने को उसे तिलक ,सुभाष चाहिए
फिर से रंगेंगे माँ की चुनरी को हम धानी
लिखेंगे अपने खून से फिर शोर्य कहानी
रख पवित्र अग्नि पे कर ,खाते हैं ये कसम
उठा तिरंगा हाथ में कहें बंदे मातरम
एक रात की नही पलों की बात थी नहीं
मिली यह आजादी हमें खैरात में नहीं
कर शीश कई कुर्बान ,इसको पाया है हमने
आजाद भगत की जान इतनी सस्ती थी नहीं
आये जो दुश्मन सामने उन्हें भून डालेंगे
जमा के धौल पीठ पर इन्हें कूट डालेंगे
जिन्दा ही धरती में उन्हें कर देंगे हम दफ़न
उठा तिरंगा हाथ में कहें बंदे मातरम

साहित्यकार  सपना मांगलिक

Tuesday, June 21, 2016

मूर्खता की मिली सजा, नहीं आपका खोट!!

कर्म योगी जो होत हैं, कहां मिलत अवकाश।

मांग किसी से है नहीं, रोटी ना आवास॥


प्रेम भाव में सरसता, ये है आनन्द मूल।

कोई झूठ छिपाव ना, मिटते सारे शूल॥


कल था वह ना आज है, आज का रहे न कल।

टेढ़े पथ तू छोड़ कर, सच के साथ जी पल॥


चाह छोड़ तू राह चल, चाह न पूरी होत।

चाह तजे राहत मिले, हिय माहि जले जोत॥


प्रेम नाम विस्तार का, जग भी जात समाय।

सीमित करती वासना, दूजा लखा न जाय॥


प्रेम पात्र ना खोज तू, कर निज से ही प्रेम|

निजता को विस्तार दे, जग प्रेम निज प्रेम॥


साथ न कोई चल सके, तक न किसी की राह।

आना तो नीका लगे, बिछड़े निकले आह॥


राही अपनी राह चल, चल अपने ही साथ।

साथ चले वह ठीक है, ना थाम किसी हाथ॥


षड्यन्त्र चालें तेरी, हम समझे हैं आज!

तेरे खातिर हम तजे, सारे साज-समाज॥



विश्वास कर की मूर्खता, सही है हमने चोट!

मूर्खता की मिली सजा, नहीं आपका खोट
!!