Monday, March 22, 2021

अपने आपको मित्र बनाओ

 साथी न खोजो, साथ निभाओ

               



जब भी आपको साथ चाहिए, अपने साथी खुद बन जाओ।

अपने आपको मित्र बनाओ, साथी न खोजो, साथ निभाओ।।

खुद को अच्छी तरह से जानो।

क्षमताओं  को,  खुद पहचानो।

करो कभी ना, आत्म प्रशंसा,

सहयोग मिला, उसको भी मानो।

समय है सीमित, काम करो, काम के केवल गाने न गाओ।

अपने आपको मित्र बनाओ, साथी न खोजो, साथ निभाओ।।

खुद ही खुद को बढ़ना होगा।

पथ में पथिक हैं, मिलना होगा।

पथ में पथिक को, नहीं है बसना,

विश्राम किया, अब चलना होगा।

साथी की चाह, सभी को यहाँ पर, आगे बढ़कर गले लगाओ।

अपने आपको मित्र बनाओ, साथी न खोजो, साथ निभाओ।।

किसी की करनी, क्यों है प्रतीक्षा?

सबकी  अपनी-अपनी  इच्छा।

अपने आपको, समझ न पाए,

देते फिरते, जग को दीक्षा।

कोई व्यक्ति पूरण ना होता, खुद समझो तुम, ना समझाओ।

अपने आपको मित्र बनाओ, साथी न खोजो, साथ निभाओ।।

ओरों  की ही, चर्चा  करते।

खुद ही खुद की ऊर्जा हरते।

कमी ओरों की निकाल रहे जो,

समझो, अपने आप से डरते।

विश्वास न खुद पर, साथी खोजो, साथ देकर, विश्वास कमाओ।

अपने आपको मित्र बनाओ, साथी न खोजो, साथ निभाओ।।


No comments:

Post a Comment

आप यहां पधारे धन्यवाद. अपने आगमन की निशानी के रूप में अपनी टिप्पणी छोड़े, ब्लोग के बारे में अपने विचारों से अवगत करावें.